दाल रोटी चावल सदियों से नारी ने इसे पका पका कर राज्य किया हैं , दिलो पर , घरो पर। आज नारी बहुत आगे जा रही हैं सब विधाओं मे पर इसका मतलब ये नहीं हैं कि वो अपना राज पाट त्याग कर कुछ हासिल करना चाहती हैं। रसोई की मिलकियत पर से हम अपना हक़ तो नहीं छोडेगे पर इस राज पाट का कुछ हिस्सा पुरुषो ने होटल और कुछ घरो मे भी ले लिया हैं।

हम जहाँ जहाँ ये वहाँ वहाँ

Thursday, November 20, 2008

पकौड़े कटहल के नए स्वाद में!

सर्दी की शाम हो और चाय के साथ गरम गरम पकौड़े हो जाए, मजा आ जाता है न। तो चलिए आज की शाम कुछ नए स्वाद में पकौड़े तलने की तैयारी कर लेते हैं फिर देखते हैं की किसको पसंद आते हैं और किसको नहीं।

सामग्री:

कटहल
चौरेठा
गरम मसाला
नमक
मिर्च
खटाई
हरी धनियाँ की पत्ती
तलने के लिए तेल।
विधि:
कटहल के बीच के आकार में टुकड़े करके उबाल लें ।
अब चौरेठा में नमक अपने स्वाद के अनुसार, बाकि सभी मसाले मिलकर पकौड़े के लिए घोल तैयार कर ले।
कढाई चढा कर उसमें तेल डालकर पर्याप्त गरम करे और फिर कटहल के टुकड़े घोल में डुबो कर भूरे भूरे तलकर निकाल लें ।
फिर उसको चटनी या केचप के साथ चटखारे लेकर खाएं और फिर हमें बताएं की कैसे लगी हमारी रेसिपी।

Tuesday, November 18, 2008

नारियल के लड्डू

चलिए कुछ मीठा हो जाए , वह भी मिनटों में। अगर अचानक मेहमान आ गए और घर में कुछ भी ऐसा नहीं है कि उनके सामने रखा जा सके। तब तो मैं आपको बस इतनी देर में बना कर दे सकती हूँ जितनी देर में आप उनको पानी देने में देर लगाती हैं।

सामग्री:
नारियल का बुरादा
बूरा शक्कर
मलाई

विधि:
जितने लड्डू बनाने हों उस हिसाब से नारियल का बुरादा एक प्लेट में डालें । उसमें इतना बूरा या पिसी हुई शक्कर मिलाएं जितने में मीठा हो जाए, अगर कम मीठा पसंद हो तो कम ही मिलाएं। दोनों को अच्छी तरह से मिलाने के बाद, उसमें गाढ़ी मलाई डालें । इसमें मलाई कि मात्रा कम ही डालें क्योंकि यह बहुत जल्दी ही गीला हो जाता है। अगर गीला हो ही जाए तो उसमें नारियल का बुरादा और मिला लें। बस सबको मिलकर उसके गोल-गोल लड्डू बना लें और प्लेट में सजा कर पेश करें।

बचे हुए लड्डुओं को फ्रिज में रख दें , जब चाहे निकाल कर खाएं.

Monday, November 17, 2008

लौकी एक नए रूप में...

लौकी कहते हैं कि मरीजों कि सब्जी है, पर इसको अगर अलग तरीके से बनाया जाय तो इसका स्वाद ही नहीं स्वरूप भी बहुत अच्छा लगता है. चलिए फिर इसको आजमा कर देखा ही जाय कि चोखी लौकी कैसे बने....

सामग्री:
१ लौकी अगर में पतली हो तो अच्छा होगा.
५ चम्मच बड़ा वाला बेसन
१ चम्मच पिसी धनियाँ
१/२ चम्मच हल्दी
१/२ चम्मच लाल मिर्च कुटा हुआ
१/२ चम्मच पिसी खटाई
४ चम्मच तेल जो भी आप प्रयोग करती हों.
नमक स्वाद के अनुसार

विधि:
लौकी का छिलका उतर कर उसके गोल - गोल पतले पटेल टुकड़े कर लें. अच्छी तरह से धोकर पानी निकल दें. अब लौकी को एक थाली में फैला ले और उसके ऊपर उपरोक्त सामग्री बुरकते जाएँ और मिलाते चलें , जब तक कि पेस्ट लौकी में अच्छी तरह से लिपट न जाए.
अब नॉन-स्टिंग कढाई में तेल डालकर लौकी डालें और उसको इस तरह से चलायें कि तेल पूरी तरह से मिल जाए इसके बाद ढक कर १० मिनट तक पकाएं. इसके बाद खोल कर उसको हलकी आंच पर धीरे-धीरे भूनती रहे जिसके कि पेस्ट का चिपचिपापन बिलकुल खत्म हो जायेगा और लौकी पेस्ट के साथ भुनकर ब्राउन रंग कि हो जायेगी. इसके ऊपर हरा धनियाँ डालकर सर्व करें और फिर हमें भी बताएं कि हमारी यह रेसिपी पसंद आई या नहीं.

Friday, November 14, 2008

रेसिपी पोस्ट करे

इस ब्लॉग पर काफी दिन से कोई रेसिपी नहीं आयी हैं । कुछ विधियां पोस्ट करे सदस्य भी और जो जुड़ना चाहे वो मेल करे या कमेन्ट मे अपना ईमेल दे

Saturday, November 1, 2008

अरहर की दाल एक व्यंजन अनेक

दाल अरहर यूपी स्टाइल जाडे मे
एक कटोरी अरहर की दाल को कुकर मे डाल कर इतना पानी डाले की डाल पूरी तरह भीग जाए और एक अंगुल पानी ऊपर रहे । इसमे हल्दी एक चुटकी और नमक स्वाद अनुसार डाले । अब इसको तक़रीबन ५ मिनट तक प्रेशर कुक करे । इसके बाद कुकर का ढक्कन और प्रेशर हटा दे और इस दाल को धीमे आंच पर गाढा होने दे । अगर पानी कम हो तो बढ़ा दे पर दाल गाढ़ी होनी जरुरी हैं । गाढी होने की निशानी हैं की रखने के बाद उपरी सतह पर पानी नहीं आना चाहीये । करीब १० मिनट मे एक कटोरी दाल गाढ़ी हो जाती हैं ।
दाल का छौक
आधी कटोरी देसी घी तेज गरम करे और इसमे एक प्याज बारीक कटा हुआ डाले । प्याज गोल्डन हो जाए तो उसमे अंदाज से कला जीरा डाले । अब इसमे २ - ३ साबुत सूखी लाल मिर्च डाले और पकाए । लाल मिर्च के ऊपर की डंडी मत तोडे । लाल मिर्च एक दम फूल जायेगी ।
अब गाढ़ी की हुई गरम गरम दाल मे ये छोंक लगाए और गरम गरम परोस कर खाए ।

दाल अरहर यूपी स्टाइल गर्मी मे
लखनऊ मे गर्मी मे जब अरहर की दाल बनाई जाती हैं तो उसमे कैरी यानि कच्चे आम की गुठली जरुर डाली जाती हैं । ऊपर दी गयी विधि मे जब आप दाल को प्रेशर कुक करने के लिये चढाते हैं तो उसी समय एक कच्चे आम की गुठली उसमे डाल दे । पानी की मात्रा बढ़ा दे क्युकी खट्टा आम डाल देने की वजह से डाल को पकने मे ज्यादा समय लगेगा ।
बाकी पूरी विधि ऊपर की तरह ही होगी । खाते समय इस गुठली को चूस चूस कर खाने का अपना अलग मज़ा हैं ।

दाल अरहर ढाबा स्टाइल या दाल फ्राई
आधा कटोरी अरहर की दाल और आधा कटोरी चने की दाल को कढाई मे हल्के घी मे भुन ले दो से तीन मिनट तक । अरहर कर चने की दाल को कुकर मे डाल कर इतना पानी डाले की दाल पुरी तरह भीग जाए और ४ अंगुल पानी ऊपर रहे । इसमे हल्दी एक चुटकी और नमक स्वाद अनुसार डाले । अब इसको तक़रीबन ३ मिनट तक प्रेशर कुक करे । कुकर की स्टीम तुंरत निकाल दे ।
दाल का छौक
आधी कटोरी देसी घी तेज गरम करे और इसमे एक बारीक कटा हुआ टमाटर और एक बारीक कटा हुआ प्याज और दो तीन हरीमिर्च बारीक कटी डाल कर पकाए । अब इसमे पानी का छीटा दे बहुत सावधानी से क्योकि कभी कभी लपट उठ जाती हैं { कभी ऐसा हो जाए तो तुंरत गैस बंद कर दे और कच्चा प्याज डाल दे लपट बंद हो जाएगी } फिर इसमे एक चुटकी खाने वाला सोडा डाले ।
एक मिनट के बाद पकी हुई दाल इस छौक मे डाल दे और धीमे आंच पर ७-८ मिनट तक खोलने दे .और फिर दो चम्मच देसी घी तेज गर्म कर के उसमे १/२ चम्मच पीसी लाल मिर्च डाले और तुंरत दाल मे डाल कर परोसे ।
क्यूटी की दाल
१/२ कटोरी अरहर दाल और १/२ कटोरी छिलका उर्द की दाल कुकर मे डाल कर इतना पानी डाले की दाल पूरी तरह भीग जाए और 3 अंगुल पानी ऊपर रहे । इसमे हल्दी एक चुटकी और नमक स्वाद अनुसार डाले । अब इसको तक़रीबन ५ मिनट तक प्रेशर कुक करे . कुकर खोल कर दाल को मथानी से मैथ ले
दाल का छौक
घी तेज गरम कर के उसमे लहसन २ जवा , प्याज बारीक कटा हुआ , हिंग एक चुटकी , साबुत लाल मिर्च डाले और इस छौक को दाल मे डाले