दाल रोटी चावल सदियों से नारी ने इसे पका पका कर राज्य किया हैं , दिलो पर , घरो पर। आज नारी बहुत आगे जा रही हैं सब विधाओं मे पर इसका मतलब ये नहीं हैं कि वो अपना राज पाट त्याग कर कुछ हासिल करना चाहती हैं। रसोई की मिलकियत पर से हम अपना हक़ तो नहीं छोडेगे पर इस राज पाट का कुछ हिस्सा पुरुषो ने होटल और कुछ घरो मे भी ले लिया हैं।

हम जहाँ जहाँ ये वहाँ वहाँ

Thursday, May 22, 2008

सेब रायता

मजेदार बात यह है की इस सेब रायता का idea मेरे पति ने मुझे दिया है...

यूं तो हम सब सेब को फल के रूप मे खाते ही हैं, अब सेब को एक अलग तरीके से खाने की खवाइश हो तो इस रेसिपी को जरुर आजमायें|
गर्मी के दिनों मे यह पौष्टिक तो है ही साथ मे झटपट बनने वाला स्वादिष्ट (चटपटी, खट्टी-मिट्ठी) भी है| आइये इसकी सामग्री और बनाने की विधि जाने.....

सामग्री :
सेब-------------- १ (छिला हुआ और बारीक कटा हुआ)
दही--------------२०० ग्राम (अच्छी तरह से फेटा हुआ)
हरी मिर्च---------स्वादानुसार (बारीक कटा हुआ)
नमक------------स्वादानुसार
जीरा पाउडर ----१/२ चम्मच (भुना हुआ)
धनिया पत्ती----- थोड़ी सी (सजावट के लिए)


विधि :
सेब को छिल कर बारीक-बारीक काट लें| इधर दही को अच्छी तरह फेट लें और उसमे अपने स्वादानुसार नमक डालें (दही ज्यादा गाढ़ी ना हो)|अब फेटे हुए दही मे बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालें| अब कटे हुए सेब को इस मिश्रण मे मिला लें| ऊपर से भुना हुआ जीरा पाउडर मिलाएं| सजावट के लिए बारीक कटी हुई धनिया पत्ती का इस्तेमाल करें (अनिवार्य नही है)|
अब इस सेब-रायता को ठंडा-ठंडा परोसें .... चाहे गरम-गरम चपाती हो, चाहे चावल इसका आनंद उठायें| बना कर और खा कर देखें बहुत ही मजेदार लगेगा|

Wednesday, May 21, 2008

शाही भरवां टिण्डे

गर्मियों का मौसम है, आज कल सब्ज़ियों के नाम पर लौकी,टिण्डा,भिन्डी आदि खूब मिलती हैं.कई घरों में लौकी और टिण्डे के नाम पर परिवार वाले नाक-भौं सिकोडने लगते हैं. आइये आज हम टिण्डे को थोडा शाही मिज़ाज़ दें और परिवार वाले हमसे डिमाण्ड करके ऐसे टिण्डे मांगें.पेशे-खिदमत हैं शाही भरवां टिण्डे.इसे बनाने के लिये सामान आपको घर में ही मिल जाएगा नहीं तो दुकानदार को ओब्लाइज करने में क्या जाता है?

आइये सामान जुटायें :

टिण्डे----------------------- १/२ किलोग्राम (छोटे आकार के)
रतलामी सेव (लौन्ग वाले सेव)---- १ मुट्ठी
मलाई---------------------- १ बडी कडछी
पनीर----------------------- ५० ग्राम
नमक---------------------- स्वादानुसार
लाल मिर्च पाउडर--------------- १ छोटा चम्मच
हल्दी------------------------ १/२ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर------------------ १.१/२ छोटा चम्मच
गरम मसाला------------------- २ चुटकी
दही------------------------- १/२ कटोरी
हरा धनिया-------------------- २ चम्मच(बारीक कटा हुआ)
कद्दूकस किया हुआ पनीर----------- २ चम्मच (सजाने के लिये)
रिफ़ाइन्ड तेल------------------ १ बडी कडछी
बडी इलायची------------------- १ या २ नग
ज़ीरा------------------------- १ छोटा चम्मच
कसूरी मेथी--------------------- १ छोटा चम्मच

बनाने की विधि

नर्म, छोटे टिण्डों को छील कर,उपर से थोडा सा काट कर ढक्कन निकाल दें.अब अन्दर का गूदा निकाल कर टिन्डों को खोखला कर लें किन्तु इतना भी नहीं कि अन्दर कुछ भी ना बचे.इन टिण्डों को अलग से हलके नमक के पानी में डु्बो दें.
अब अन्दर भरने के मसाले की तैय्यारी कर लें .भरावन के लिये रतलामी सेव को महीन पीस लें.इस पिसे हुए नमकीन में, पनीर मसल लें,थोडा सा हरा धनिया भी इसमें मिला लें.अब टिण्डों को पानी से निकाल कर अच्छी तरह से पौंछ लें.खोखले टिण्डों में ये मसाला अच्छी तरह से भर दें.चलिये ग्रेवी तैय्यार करते हैं, इसके लिये दही को एक गहरी कटोरी में अच्छी तरह से फ़ेंट लें और उसमे नमक, मिर्च, हल्दी, धनिया सब मसाले मिला लें.एक नौन-स्टिक पैन में तेल गर्म करें, उसमें ज़ीरा और बडी इलायची (पिसी हुई) चटकायें.इस तेल में मसाले मिला दही डाल कर मन्दी आंच पर भूनें.जब मसाला पक जाये तो फ़ेंटी हुई मलाई डाल कर हलके हाथ से मिलायें.जब ये मसाला तेल छोडने लगे तो कसूरी मेथी भी डाल दें.इस मसाले में भरे हुए टिण्डे इस प्रकार रखें कि मसाला बाहर ना आने पाये.धीरे से उलट-पलट कर मसाला टिण्डों के चारों ओर लपेट दें और ढंक दें. मन्दी आंच पर पकायें.बीच बीच में देखती रहें कि मसाला तली से चिपक तो नहीं रहा.यदि ऐसा होने लगे तो दूध या पानी के छींटे मार दें.जब ये टिन्डे पक जायें तो इन्हें सर्विन्ग बोल में निकाल लें और कद्दुकस किये हुए पनीर, हरे धनिये और गरम मसाले से गार्निश करें.अब इन शाही टिण्डों को चाहे नरम गरम रोटी के साथ खायें या गरमागरम खस्ता पूडिय़ों के साथ .पसंद आपकी है.

गुड्म्मा

आजकल वैसे भी गर्मी का और कच्चे आमों का मौसम है तो क्यों ना कुछ अचार बनाया जाए तो अब अपनी अगली - पोस्ट मे हम आपको आम का मीठा अचार,आम का हींग मिर्चे का अचार,और आम और चने का अचार भी बताएँगे पसंद आए तो बना लीजियेगा वरना ..... :)

तो आज की शुरुआत गुड्म्मा से करते है नाम तो सुना ही होगा और अगर नही सुना है तो हम बता देते है इस नाम की संधि विच्छेद करके गुड़ +आम यानी गुड्म्मा फ्लैश की वजह से फोटो जरा चमकती सी आई है :)


सामग्री--
किलो कच्चा आम
गुड़ --२०० ग्राम
पंच फोडन (जीरा,मेथी,मंगरैल या कलौंजी सौंफ,ओर- साबुत लाल मिर्च )
लहसुन (अगर खाते है तो ठीक वरना बिना लहसुन के भी बना सकते है )
सरसों का तेल -- छोटे चम्मच
नमक--थोड़ा सा वरना ये ज्यादा नमकीन हो जायेगा ( एक preservative के तौर पर )
लाल मिर्च--बहुत थोडी यानी बस नाम के लिए


विधि--
सबसे पहले आम को छील कर उसके छोटे-छोटे लंबे टुकड़े काट ले और लहसुन छील लेअब एक कढाई मे चम्मच सरसों का तेल डाल कर गर्म होने पर उसमे पंच फोडन डाले और फ़िर उसमे कटा हुआ आम और साबुत छिला हुआ लहसुन डालेऔर एक-दो मिनट तक इसे भून ले और फ़िर इसमे करीब - गिलास पानी डाले और साथ मे ही गुड़ ,नमक,और लाल मिर्च डाल दे और बस धीमी आंच पर पकाते रहे और बीच-बीच मे चलाते रहे और जब ये पकने लगेगा तो ये गाढा हो जायेगा बस तैयार है गुड्म्मा

नोट -- गुड्म्मा पराठे और पूड़ी के साथ खाने मे बहुत अच्छा लगता है

और हाँ याद आया इसे गलका भी कहते है ये यू.पी.वगैरा मे शादी-ब्याह मे खूब बनता है

Tuesday, May 20, 2008

लेवेन्डर आइस क्रीम

लेवेन्डर आइस क्रीम और लेवेन्डर के फूल

लेवेन्डर आइस क्रीम!
जी हां , आजकल , दुनिया के मशहूर शेफ ,
माने उम्दा खानसामे, फूलों का प्रयोग ,विभिन्न , डीशिस बनाने में करने लगे हैं - लेवेन्डर का उपयोग रसोई और खास कर के बेकिंग में किया जा सकता है ।
जैसे आइस क्रीम या पुडीँग्ज़ में लेवेन्डर की खुशबु , मीठी बानगी को काफी बैलेंस करती है। पम्पकीन पाई जैसी मसालेदार खुश्बु को , शक्कर के साथ मिलाने से,
लेवेन्डर की खुशबु बहुत अच्छी लगती है। क्रीम, दूध, वेनीला मिलाने से लेवेन्डर की खुशबु उभरती है। इस रेसीपी में आप जायफल, दालचीनी व लवंग भी थोडा सी मिला सकते हैं , पुडीँग्ज़ में क्रीम ब्रुले भी बना सकते हैं -
जिसमें, ऊपर , शक्कर को जलाकर केरेमल का एक तह , बनाया जाता है।
नोट करें सामग्री :
१ कप शक्कर, २ चम्मच . लेवेन्डर की कलियाँ , ताज़ा या सूखी हुई --
१/ २ कप पानी , १/२ कप दूध
३ बड़े अंडे के योल्क्स ( पिला हिस्सा , सफेदी हटा के )
१ कप हेवी क्रीम, १ चम्मच प्योर वेनिला ऐसेन्स
विधि :
१ : पहले , शक्कर, पानी दूध और लेवेन्डर को हलके आंच पे , ५ मिनट तक
सोस पेन में गरम करिये २ . लेवेन्डर फूलों को निचोड़ लीजिये जिससे उनका रस आपको मिले
३ से ५ मिनट तक इसे ठंडा होने दीजिये । उसके बाद अण्डों की सफेदी हटाकर , सिर्फ़ पीला हिस्सा फेंट लीजिये उसी में दूध भी मिला लीजिये।
हल्की आंच पे ये सारा मिश्रण ,गेस पे, ये ठीक चलाते रहिये
तब तक , के जब् तक ये गाढा न होने लगे
और एक चम्मच लेकर उसपे , लगा के देखें के वो कितना गाढा हुआ है।
(१० मिनट जितना समय लगेगा।)
इस मिश्रण को अब ठंडा होने दीजिये।
फ़िर , उसी में, हेवी क्रीम और वेनीला ऐसेन्स मिला लीजिये
और रात भर इसे फ्रीज़र में रखिये ।
अब, इस मिश्रण को , झाग आए इस तरीके से , फेँटीये !
हवा का हिस्सा इसमें मिल जानेसे आपकी आइस क्रीम हल्की बनेगी ।
और अंत में , आपके पास आइस क्रीम मेकर है तौ उसी में फ्रीज़ करें
उतनी देरी तक जितना मेन्युफेक्चर ने निर्देश दीया है ।
आप , इसी तरह, अलग अलग , फलों से , या भारतीय काजू, किशमिश , या केसर पिस्ता बादाम मिलाकर या आम , चीकू , सीताफल को भी आपकी रेसीपी में आजमा सकते हैं ! या गुलाब के फूल की पँखुडियोँ से भी इस प्रकार का आइस क्रीम बना पायेंगे -- संभावनाएं कई हैं , कोशिश आपकी ..
~~ लावण्या

Monday, May 19, 2008

मेंगो चाकलेटी जाम ..

आम के मौसम की बहार है .आम वैसे भी सब को बच्चो बडो को सबको बहुत भाता है .यदि इसको अलग ढंग और स्वाद से खाया जाए तो यह और भी मजेदार लगेगा ..बच्चो को भी यह स्वाद बहुत भायेगा और उनको बनाने को देंगे तो आपका भी काम आसान हो जायेगा कुछ .कहीं तो छुट्टियों में उन्हें भी व्यस्त करना है ...:)
इस के लिए चाहिए आपको ..
१ कप आम का गुदा
२ कप ताजा जमा दही
३/४ कप चीनी
एक चाय का चम्मच पिस्ता कतरा हुआ
और चाकलेट सौस थोड़ा सा

विधि .....आम का गूदा ,चीनी दही मिला कर हैण्ड बलेंडर से एक साथ मिक्स कर ले ॥फ़िर इस में थोडी सी कुटी हुई बर्फ भी डाल दे ..एक कांच का गिलास ले नीचे थोडी सी बर्फ ऊपर यह सब मिला हुआ मिश्रण डाले ऊपर से चाकलेट सौस डाले और लास्ट में कटा हुआ पिस्ता दाल के सर्व करे ..मेंगो चाकलेटी जाम रेडी है ..है न आसान ।बनाइये फ़िर देर किस बात की ...आम का मौसम भी है और गर्मी भी ..पीने का मज़ा तो अभी ही आएगा न :)