बैंगन बडी की सब्ज़ी
लगभग १५ दिनों की अस्वस्थता के दौरान सिर्फ़ लौकी,तुरई खा खा कर जी कुछ अलग,कुछ चटपटा खाने को कर रहा है.आज मैं बैंगन बडी की सब्ज़ी बनाने जा रही हूं,आप भी इस की बानगी देखिये.ये सब्ज़ी मुझे लखनऊ में मेरी मकान मालकिन(उनको मैं आण्टी कहती हूं और वो मेरी मां के जैसी हैं) ने बना कर खिलाई और फिर सिखाई थी.जो भी माथुर कायस्थ हैं उनके यहां ये सब्ज़ी बडे ही शौक से बनाई और खाई जाती है.तो लीजिये बिना देर किये हाज़िर है बैंगन बडी:
सामग्री
बैंगन भरते वाला----------१ बडा (मध्यम आकार के टुकडे काट लें)
मंगोडी या बडी ----------१ मुट्ठी
प्याज़ ----------२ मध्यम आकार के (कद्दूकस किये हुए)
टमाटर -----------२ मध्यम आकार के (कद्दूकस किये हुए)
लहसुन ----------५-६ कली (पिसी हुई)
अदरक -----------१ इन्च का टुकडा(पिसा हुआ)
जीरा -----------१/२ चम्मच
धनिया पाउडर ------------१ छोटा चम्मच
हल्दी ------------१/४ छोटा चम्मच
लाल मिर्च ------------१ छोटा चम्मच(अपनी रिस्क पर ज़्यादा भी डाल सकते हैं)
नमक -------------स्वादानुसार
रिफ़ाइन्ड तेल -------------१-१.५ बडी कडछी
गरम मसाला -------------१/२ छोटा चम्मच
अब ये सब्ज़ी बनानी कैसे है, ये भी देख लें :)
मंगोडी या बडी जो भी आपने चुनी है,उसके छोटे टुकडे कर लें.वैसे ये ज़्यादा स्वाद उडद दाल की बडी से ही बनती है किन्तु भारी होने के कारण मैं इस की जगह मंगोडी का प्रयोग करती हूं. प्रेशर कुकर में तेल गरम करके ,धीमी आंच पर मंगोडी को भू्न लें और अलग रख लें.अब इसी तेल में ज़ीरा चटका लें,फ़िर कद्दुकस किया हुआ प्याज़,लहसुन और अदरक डाल दें.जब ये भुन जाये तो इसमें टमाटर डाल कर भूनें.इस भुने हुए मसाले में सारे मसाले डाल कर १/२ मिनट तक और भूनें.जब मसाला अच्छी तरह से भुन जाये तो इसमें कटे हुए बैंगन और भुनी हुई मंगोडी डाल दें.अच्छी तरह से मिला कर १/२ कटोरी पानी डाल कर प्रेशर कुकर का ढक्कन बन्द कर दें.तेज़ आंच पर एक सीटी लगते ही, मन्दी आंच कर दें. ५-७ मिन बाद गैस बन्द कर दें. भाप अपने आप निकलने दें,(जल्दी ना मचायें,पता है आपको सब्ज़ी चखने की जल्दी है पर प्लीज़ जल्दबाज़ी ना करें).अब कुकर खोल लें औए थोडा सा गरम मसाला बुरक दें .अब इस लगी लिपटी सब्ज़ी को गरमागरम चपाती या चावल के साथ खायें और खिलायें.पसन्द आ जाये तो नाचीज़ को कमेन्ट द्वारा सूचित करें.





